बिहार के नालंदा जिले के नगरनौसा थाना क्षेत्र के रामघाट-लोहंडा मार्ग पर सकरोढ़ा गांव के वासो पुल के पास शुक्रवार की रात हथियारबंद डकैतों ने जमकर उत्पात मचाया। घर के लोगों को बंधक बनाकर लाखों की सम्पत्ति लूट ली। विरोध करने पर मारपीट कर उन्हें जख्मी कर दिया। घरवालों से अभद्र व्यवहार किया। उसके बाद घर में बैठकर शराब के जाम छलकाये। वहां से निकलने के बाद डकैतों ने एक पॉल्टी फार्म में भी लूटपाट की। डकैतों ने दोनों स्थानों से करीब 10 लाख की सम्पत्ति लूट ली। साथ ही एक बोलेरो भी लेकर भाग गये।
सुबह में जानकारी हुई तो ग्रामीणों ने थोड़ी देर के लिए सड़क जाम कर दी। लोग पुलिस की गश्ती पर सवाल उठाते हुए बदमाशों को गिरफ्तार करने की मांग कर रहे थे। सूचना पाकर हिलसा डीएसपी कृष्ण मुरारी, चंडी इंस्पेक्टर कन्हैया सिंह व थानाध्यक्ष नीलकमल घटनास्थल पर पहुंचे। उन्होंने घटनास्थल की छानबीन की और कार्रवाई का आश्वासन दिया।
दर्जनभर बदमाश घुसे घर में:
करीब दर्जनभर बदमाश सबसे पहले धनंजय प्रसाद उर्फ टना के घर में पीछे के रास्ते से घुस गये। परिवार के लोगों को जगाकर बदमाशों ने हथियार के बल पर बंधक बना लिया। गृहस्वामी ने बताया कि डकैतों ने करीब 9 भर सोने के जेवर, 3 लाख 10 हजार रुपये नकद समेत अन्य सामान लूट लिये। घर में रखे अनाज को बिखेर दिया।
लूटपाट के बाद चला शराब का दौर:
लूटपाट करने के बाद बदमाशों ने घर में ही बैठकर शराब पी। शराब पीने के बाद डकैतों ने गृहस्वामी के पुत्र अंशु कुमार को पिस्तौल की बट से मारकर जख्मी कर दिया। धनंजय प्रसाद, प्रेम देवी, सोनाली कुमारी व रेणु देवी को मारपीट कर जख्मी कर दिया। मारपीट के बाद बदमाश धमकी देते हुए घर से निकल गये। उनके जाने के बाद काफी देर तक परिवार सहमा पड़ा रहा। काफी देर बाद उन्होंने शोर मचाया।
पॉल्ट्री फार्म के कर्मी को बनाया बंधक:
उसके बाद बदमाश पास में ही सुदामा प्रसाद के पॉल्टी फार्म पर पहुंचे। वहां के कर्मी अरुण कुमार को बंधक बना लिया। उनके गले से सोने का लॉकेट व 15 हजार रुपये छीन लिये। मारपीट कर जख्मी कर दिया। इसके बाद सड़क किनारे लगे बोलेरो को लेकर चलते बने। सुबह में जानकारी मिलने के बाद ग्रामीणों ने बिजली का पोल रखकर सड़क जाम कर दी। पुलिस ने समझा बुझाकर जाम हटवाया। थानाध्यक्ष ने बताया कि अभी लिखित शिकायत नहीं मिली है। पुलिस बदमाशों की तलाश कर रही है।