अयोध्या जलमग्न, नगरवासी बेहाल: समाजवादी पार्टी जिलाध्यक्ष सरोज यादव ने नगर निगम की खोली पोल

 

अयोध्या।अयोध्या नगर निगम में हो रही भारी बारिश के चलते शहर जलमग्न हो गया है, जिससे आम जनजीवन बुरी तरह प्रभावित हो रहा है। जगह-जगह जलभराव, जाम नालियां, टूटी सड़कों और जल निकासी की व्यवस्था ध्वस्त होने से नागरिकों को गंभीर समस्याओं का सामना करना पड़ रहा है। शहर के प्रमुख मार्ग रामपथ सहित लगभग सभी वार्डों में पानी भरने की स्थिति बनी हुई है।
समाजवादी पार्टी की जिला अध्यक्ष सरोज यादव ने नगर निगम अयोध्या की कार्यप्रणाली पर सवाल उठाते हुए कहा कि बारिश ने नगर निगम की पोल खोल दी है। नालियां बजबजा रही हैं, जल निकासी की कोई व्यवस्था नहीं है, सड़कों की हालत खराब है और मरम्मत का कोई कार्य नहीं किया जा रहा। कई जगहों पर स्ट्रीट लाइटें बंद हैं और जलापूर्ति के लिए लगे नलों में पानी तक नहीं आ रहा।
सरोज यादव ने आरोप लगाया कि नगर निगम क्षेत्र में शामिल किए गए अयोध्या-फैजाबाद के किनारे बसे 41 गांव आज भी मूलभूत सुविधाओं से वंचित हैं। न तो वहां विकास हुआ है, न ही किसी प्रकार की योजना का लाभ लोगों को मिल पा रहा है। उन्होंने कहा, सरकार अयोध्या के विकास की जितनी भी बातें कर ले, लेकिन सच्चाई इन 41 गांवों की बदहाल स्थिति खुद बयां कर रही है।
उन्होंने यह भी कहा कि इन गांवों में कहीं बिजली नहीं है, तो कहीं जल निकासी की कोई व्यवस्था नहीं है, फिर भी सरकार टैक्स लेती है। नालियां जाम हैं, सड़कें टूटी हुई हैं और पानी निकासी की कोई व्यवस्था नहीं है, जिससे आम नागरिकों को भारी परेशानी हो रही है।सरोज यादव ने सरकार से मांग की कि नगर निगम क्षेत्र के सभी वार्डों और गांवों में तत्काल सुधार कार्य कराए जाएं, ताकि लोगों को राहत मिल सके। उन्होंने चेतावनी दी कि यदि स्थिति में जल्द सुधार नहीं हुआ तो समाजवादी पार्टी जनता की समस्याओं को लेकर सड़क पर उतरने को मजबूर होगी।

Rajendra Dubey

Related posts