अयोध्या।पूर्व सिंचाई मंत्री और राष्ट्रीय लोकदल के प्रदेश अध्यक्ष रह चुके, पूर्वांचल की राजनीति में प्रखर वक्ता के रूप में पहचान बनाने वाले मुन्ना सिंह चौहान की नौवीं पुण्यतिथि पर राष्ट्रीय लोकदल कार्यकर्ताओं और समर्थकों ने श्रद्धांजलि अर्पित की। अयोध्या के आनंद नगर गौहनिया स्थित रालोद कार्यालय में आयोजित इस श्रद्धांजलि कार्यक्रम में चौहान के चित्र पर पुष्पांजलि अर्पित कर उन्हें याद किया गया।
कार्यक्रम में राष्ट्रीय लोकदल अवध क्षेत्र के अध्यक्ष चौधरी रामसिंह पटेल ने कहा कि मुन्ना सिंह चौहान ने अपने राजनीतिक जीवन की शुरुआत युवा रालोद के ब्लॉक अध्यक्ष के रूप में की थी। उनके संघर्ष और नेतृत्व क्षमता को देखते हुए पूर्व केंद्रीय मंत्री चौधरी अजित सिंह ने उन्हें विधान परिषद सदस्य और सिंचाई मंत्री बनाया। मंत्री रहते हुए चौहान ने विकास की ऐसी लकीर खींची, जो आज भी क्षेत्र में मिसाल के तौर पर देखी जाती है। वे कार्यकर्ताओं के मान-सम्मान के लिए सड़क पर बैठने से भी नहीं हिचकते थे और सदन में किसानों की आवाज बुलंद करते थे।
श्रद्धांजलि अर्पण करने वालों में रालोद एससी-एसटी प्रकोष्ठ के क्षेत्रीय अध्यक्ष बेचूलाल कोरी, जिला महासचिव (संगठन) राम शंकर वर्मा, महानगर अध्यक्ष अरविंद सिंह महंत, अवध जोन सचिव नेतराम वर्मा, युवा जिलाध्यक्ष अनिल वर्मा, किसान प्रकोष्ठ जिलाध्यक्ष देवी शरण वर्मा, जिला उपाध्यक्ष अवधेश रावत, प्रमोद श्रीवास्तव, युवा प्रदेश सचिव सुरजीत वर्मा, भाजपा नेता फुलचंद वर्मा, क्षेत्र पंचायत सदस्य पलिया गोवा कृष्ण चंद वर्मा, जिला सचिव राम जियावन वर्मा, हरि विजय वर्मा और सौरभ पटेल ‘फत्ते’ वर्मा शामिल रहे।