हर घर तिरंगा अभियान के तहत अयोध्या पुलिस ने निकाली भव्य तिरंगा यात्रा, गूंजा देशभक्ति का संदेश

अयोध्या।हमारी शान है तिरंगा- हमारी पहचान है तिरंगा के संदेश के साथ अयोध्या जनपद में हर घर तिरंगा अभियान को जन-जन तक पहुँचाने के लिए भव्य तिरंगा यात्राओं का आयोजन किया गया। एसएसपी डॉ0 गौरव ग्रोवर के निर्देशन में जिले के समस्त थाना एवं चौकी प्रभारियों ने अपने-अपने क्षेत्र में जनसहभागिता के साथ तिरंगा यात्रा निकाली।

इस यात्रा के माध्यम से न केवल राष्ट्रीय ध्वज की महत्ता को रेखांकित किया गया, बल्कि देशभक्ति और राष्ट्रीय एकता का संदेश भी जनमानस तक पहुँचाया गया। तिरंगा यात्रा के दौरान उपस्थित लोगों में देश के प्रति गर्व और सम्मान की भावना स्पष्ट रूप से परिलक्षित हुई।जनपद के पुलिसकर्मी अनुशासन और उत्साह के साथ तिरंगा यात्रा में सम्मिलित हुए। उनकी प्रेरणादायक उपस्थिति ने आमजन को सुरक्षा और राष्ट्रभक्ति के प्रति और अधिक जागरूक किया। सोशल मीडिया के माध्यम से अभियान की झलकियाँ साझा कर जनजागरूकता को भी बल मिला।
थाना प्रभारियों ने स्थानीय नागरिकों से संवाद करते हुए उन्हें संविधान में निहित तिरंगे के महत्व की जानकारी दी। उन्होंने नागरिकों से आह्वान किया कि वे राष्ट्रीय एकता, अखंडता और गौरव की रक्षा हेतु सदैव तत्पर रहें।
तिरंगा यात्रा के दौरान सभी उपस्थित लोगों ने राष्ट्रीय गौरव को बनाए रखने का संकल्प लिया। पुलिसकर्मियों ने यह संदेश दिया कि वे न केवल राष्ट्र सेवा के लिए समर्पित हैं, बल्कि नागरिकों की सुरक्षा एवं सहयोग के लिए हर समय तत्पर भी हैं।

Rajendra Dubey

Related posts